अक्सर हम आधारहीन चीज़ों को खड़ा करते हैं, ताकि वो हमारी कल्पनाओं की उँची उड़ान को परिभाषित करें और जब वो औंधे मुँह गिर पड़ती हैं तो उनकी अस्तित्वहीनता हमें, उन्हें भावनाओं के रूप में प्रतिबिंबित करने का अवसर प्रदान करतीं हैं. कुछ सुखद, कुछ नम, कुछ स्थिर तो कुछ प्रगतिशील, कुछ मूक और कुछ गूँजती इन पुरानी भावनाओं की डोर पकड़े हम सभी एक नये भविष्य को बुनने का प्रयास करते हैं. नयी भावनायें गुथने का प्रयास करते हैं और यही शायद मानव की परिभाषा है. पर इस परिभाषा में यथार्थ कुछ खो सा जाता है. वह यथार्थ जो कल्पना को, भावनाओं को कभी नहीं रोकता, पर तोड़ता है, मरोड़ता है और अपने अनुसार ढालने की चेष्टा करता है. जो जितना टूटा, जितना इस समाज के अनुरूप टूटा, वो उतना ही सभ्रान्त. पर यथार्थ सिर्फ़ दुखित करने को नहीं होता, इसकी कटुता, इसकी सुंदरता इन्हीं भावनाओं को पुनः परिष्कृत, परिमार्जित रूप में पनपने का आधार प्रदान करती हैं. आधार से याद आया, प्रारंभ की आधारहीनता को आधार प्राप्त हो चुका है. शायद मेरे लिए इस आधार का निर्माण मेरे शब्द करते हैं।
लेखक :- भोमाराम जाट
No comments:
Post a Comment